अजमेर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में अजमेर के केकड़ी उपखण्ड में राज्य सरकार के निर्देश पर खनिज विभाग और परिवहन विभाग ने अवैध खनन एवं तय सीमा से अधिक भार ढोने वाले वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार का बताया कि इस अभियान के तहत केकड़ी शहर सहित अजमेर-कोटा राजकीय राजमार्ग पर दो प्रमुख नाके स्थापित किए गए हैं, जहां 24 घंटे सघन निगरानी की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना रवन्ना (परमिट) के ग्रेनाइट से भरे ट्रेलरों का संचालन हो रहा था, जिससे राज्य सरकार को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा था। वर्तमान में रॉयल्टी ठेका नहीं होने का फायदा उठाकर खनन माफिया अवैध परिवहन कर रहे थे, जिस पर अब विभागों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
खनिज अभियंता मनोज तंवर ने बताया कि बघेरा रोड और अजमेर-कोटा राजमार्ग पर स्थित टेक नंबर-3 पर नाके लगाए गए हैं। यहां से गुजरने वाले प्रत्येक ग्रेनाइट से भरे ट्रेलर के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। नाकों पर परिवहन विभाग का दल भी तैनात है और अधिक भार पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की कार्रवाई के तहत आज तीन अधिक भार ले जा रहे वाहनों के चालान किए गए, वहीं 13 अन्य वाहनों पर भी विभिन्न नियमों के उल्लंघन को लेकर जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढ़ा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षमता से अधिक भार ढोने वाले वाहनों पर रोक लगाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सरकार के राजस्व में वृद्धि करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित