भीलवाड़ा , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में गुरुवार को अवैध रूप से संचालित कोयला भट्टियों पर बुलडोजर चलाकर 200 से अधिक अवैध भटि्टयां ध्वस्त की गयीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान मांडल तहसीलदार और पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी के साथ मांडल बागोर थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस सू्त्रों ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान 200 से अधिक अवैध कोयला भट्टियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई क्षेत्र में कोयला खनन और भट्टियों के अवैध संचालन को रोकने के उद्देश्य से की गयी है।

उल्लेखनीय है कि मांडल, आसींद, कोटड़ी, गुलाबपुरा और रायला, बनेड़ा जैसे क्षेत्रों में पहले भी ऐसी अवैध भट्टियों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन अब भी कई स्थानों पर अवैध भट्टियों का संचालन जारी है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि इस पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित