रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के समोदा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरापारा में भी लगभग 6.30 एकड़ भूमि पर अवैध अफीम की खेती करने की जानकारी सामने आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच के लिए दस सदस्यीय समिति का गठन किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति का संयोजक पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम को बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ने इस समिति की घोषणा मंगलवार रात की है। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, समिति में पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष कुसमी हरीश मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष शंकरगढ़ विजय पैकरा, ब्लॉक अध्यक्ष चांदो अब्दुल्ला खान, नगर पंचायत कुसमी के अध्यक्ष राजेन्द्र भगत तथा ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष फिलोमिना टोप्पो को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी पत्र में समिति के सदस्यों से कहा गया है कि वे अविलंब संबंधित गांव का दौरा करें और जिस खेत में अवैध अफीम की खेती होने की जानकारी मिली है उसका प्रत्यक्ष निरीक्षण करें। साथ ही ग्रामवासियों से मुलाकात और चर्चा कर पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति का पता लगाएं। समिति को निर्देश दिया गया है कि जांच के बाद विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाए।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी इस पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को सूचनार्थ भेजी गई है।

प्रदेश कांग्रेस ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों के संबंध में तथ्य स्पष्ट हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित