नयी दिल्ली , मार्च 06 -- केन्द्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के तीन शहरों में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 'अवसर और दायरे को बढ़ाने का हिस्सा' है।

छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में 26 मार्च से छह अप्रैल तक होने वाले पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में सात पदक स्पर्धाए एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, तैराकी और कुश्ती होंगी। इसके अलावा दो डेमो गेम मल्लखंभ और कबड्डी भी आयोजित किए जाएंगे। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (केआईटीजी) में भारत के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

डॉ. मांडविया ने गुरुवार को कहा, "खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स हमारे बढ़ते हुए प्रयासों का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य हर उस युवा को अवसर और मंच प्रदान करना है जो खेलना चाहता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन का हिस्सा है, और इस यात्रा में खेलों की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों से प्रतिभाओं को सामने लाना बेहद अहम है और हमारे खिलाड़ी आधार का लगातार विस्तार समय की आवश्यकता है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आदिवासी समुदायों के प्रतिभाशाली युवाओं की जल्द पहचान हो, उन्हें व्यवस्थित तरीके से समर्थन मिले और उन्हें राष्ट्रीय खेल ढांचे में शामिल किया जाए।"उल्लेखनीय है कि पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (केआईटीजी) का लोगो, थीम सॉन्ग और मैस्कॉट 23 दिसंबर को बिलासपुर के बी. आर. यादव स्पोर्ट्स स्टेडियम में औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया था। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित