अल्मोड़ा , दिसंबर 20 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने शनिवार को फरार ईनामी तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी छह माह पूर्व गांजे से भरी कार को छोडकर हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को भतरौजखान पुलिस ने सौराल के पास एक कार संख्या से 84 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
कार चालक अर्जुन उर्फ मोहित निवासी गढीनेगी, थाना कुण्डा जिला ऊधमसिंह नगर रात के अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा ने आरोपी पर पांच हजार का ईनाम भी घोषित किया था।
इस दौरान पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। आखिरकार आरोपी को भतरौजखान के थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने ऊधम सिंह नगर से आज गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भतरौजखान में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 19 एवं 25 के तहत मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित