अल्मोड़ा , जनवरी 20 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में एक पिकअप वाहन में मिले दो शवों की मंगलवार को शिनाख्त हुई। दोनों मृतक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के रहने वाले थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को भिकियासैंण चौकी पुलिस को जैनल चौराहे के पास लावारिस खड़े पिकअप वाहन में दो लोग बेहोशी की अवस्था में मिले थे।

चौकी प्रभारी संजय जोशी ने दोनों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से भिकियासैंण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहाँ चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि वाहन उत्तर प्रदेशके ठाकुरद्वारा का है लेकिन कल तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पायी थी।

अल्मोड़ा के अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इसके साथ ही थानाध्यक्ष अवनीश कुमार को प्रकरण की जांच सौंपी गई। पुलिस जांच में आज मृतकों की शिनाख्त अलाउदीन निवासी ग्राम पीपली अहीर तथा रवि निवासी ग्राम महमूदपुर कैशो के रूप में हुयी है दोनाें थाना ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि दोनों व्यक्ति वाहन के भीतर पेट्रोमैक्स जलाकर सो गए थे, जिसके चलते दम घुटने से दोनों की मृत्यु हुई है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित