अल्मोड़ा , फरवरी 17 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पुलिस और विशेष अभियान समूह एसओजी ने लगभग साढ़े चार लाख रुपए मूल्य के गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। शातिर तस्कर कबाड़ से भरी पिकअप में गांजा की तस्करी कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्र शेखर घोड़के ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत सोमवार रात को सल्ट के थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह एवं एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास वाहनों की तलाशी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान कबाड़ से भरी एक पिकअप को रोक कर जांच की गई तो कबाड़ के नीचे कट्टों में भर कर 18.350 किलोग्राम गांजा रखा हुआ था। वाहन में तीन लोग सवार थे।
तीनों आरोपियों गुलजार निवासी एचपी गोदाम, टांडा, रामनगर, जिला नैनीताल, नासिर हुसैन निवासी ग्राम पूछडी, थाना रामनगर जिला नैनीताल और मौ0 आजम निवासी मुस्लिम इन्टर कॉलेज के पीछे, ठाकुरद्वारा, थाना ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद, उप्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में मादक द्रव्य अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। साथ ही पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित