नैनीताल , जनवरी 19 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा और नैनीताल पुलिस ने जांच अभियान के दौरान अल्मोड़ा के लोधिया में लाखों रुपये की स्मैक और चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेन्द्र पींचा ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अल्मोड़ा कोतवाली के निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) प्रभारी भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में रविवार रात को लोधिया के पास जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान दो युवकों को जांच के लिए रोकने पर उनके पास से 21.49 ग्राम स्मैक बरामद की गयी। पुलिस ने आरोपी दीपक मेहता उर्फ झनका निवासी गंगोला मोहल्ला, बांस गली, अल्मोड़ा और हर्षित भंडारी उर्फ हनी निवासी थपलिया, बद्रेश्वर, अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ सुसंगत अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत 6.44 लाख रुपये आंकी है। पुलिस जांच में जुट गयी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी बरामद स्मैक को कहां और किससे लेकर आये हैं।
वहीं एक अन्य घटना में नैनीताल पुलिस ने 750 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी गोपाल सिंह को कल हल्द्वानी मंडी के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी गोपाल मुक्तेश्वर में सुनकिया भटेलिया गांवा का रहने वाला है।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह गांव से ही चरस एकत्र करता है और जब अधिक मात्रा हो जाती है तो बिक्री के लिये ले जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित