अल्मोड़ा , जनवरी 27 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में मंगलवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने इस अवसर पर कहा कि यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। उन्होंने यूसीसी को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि यह ऐसा कानून है जो सबको समान अधिकार सुनिश्चित कराता है।
कार्यक्रम के दौरान यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने यूसीसी को सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताते हुए इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर यूसीसी की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि यह उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है कि वह देश का प्रथम राज्य है, जहाँ समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यूसीसी सभी धर्मों के नागरिकों के लिए समान अधिकारों की बात करता है। इस कानून के माध्यम से महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जो समाज में वास्तविक समानता सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यूसीसी समाज में समरसता स्थापित करने एवं महिलाओं को समान अधिकार दिलाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। इस अवसर पर कई कार्यक्रम पेश किए गए जिनके माध्यम से सामाजिक एकता एवं समान अधिकारों का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जनपद के दो निबंधक, दो उप-निबंधक सहित कुल 78 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को यूसीसी के अंतर्गत प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चौखुटिया सुभाष चंद्र तथा आरएमओ कैंट बोर्ड रानीखेत डॉ. पवन तिवारी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण आवेदनों के निस्तारण हेतु 78 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा ने भी अपने अपने विचार रखे तथा सभी ने यूसीसी लागू करने को सरकार का साहस भरा कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित