अल्मोड़ा , दिसंबर 06 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट में शनिवार को एक मैक्स वाहन के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।

अल्मोड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर में राजस्व क्षेत्र जैतोली, ग्राम डूंगारखोला, पोस्ट नौबाड़ा तहसील द्वाराहाट में एक मैक्स के खाई में गिरने की सूचना मिली।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रानीखेत विमल प्रसाद और द्वाराहाट के प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी की अगुवाई में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त मैक्स वाहन संख्या यूके 01 टीए 1046 द्वाराहाट से नौबाड़ा की ओर जा रहा था।

वाहन में चालक सहित 04 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक छिटक कर डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस टीम ने सभी घायलों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट लाया गया। जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।

चालक की पहचान प्रयाग दत्त मिश्रा निवासी ग्राम डूंगारखोला पोस्ट नौबाड़ा, राजस्व क्षेत्र जैतौली तहसील द्वाराहाट के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित