अल्मोड़ा , मार्च 15 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में शनिवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक सिरफिरा यात्रियों के इंतजार में खड़ी बस को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बस का पीछा कर काफी दूर बस को काबू में लिया।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के के अनुसार शनिवार शाम को अल्मोड़ा के धारानौला में निजी आपरेटर की बस हल्द्वानी जाने के लिए यात्रियों के इंतजार में खड़ी थी। बस में पांच यात्री सवार थे।
उस वक्त बस के चालक और परिचालक पास के होटल में भोजन करने चले गए थे और जल्दबाजी में बस की चाबी बस में छोड़ गए। इसी दौरान एक युवक बस को लेकर हल्द्वानी की ओर फरार हो गया।
इससे मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में धारानौला पुलिस चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन हरकत में आये और परिचालक को साथ लेकर बस का पीछा किया।
पुलिस जवान की सतर्कता और तेजी के चलते बस को कर्बला तिराहे के पास सुरक्षित रोक लिया गया। युवक को हिरासत में ले लिया गया। उसकी पहचान अब्दुल अमीर खान (28 वर्ष) निवासी भवाली, जिला नैनीताल के रूप में हुई।
पुलिस उसे धारानौला चौकी लेकर आई। पूछताछ के बाद उसके परिजनों को बुलाया गया। बाद में पुलिस अधिनियम के तहत उसका चालान कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार पांचों यात्रियों की जान में जान आई। लोगों ने भी राहत की सांस ली। लोगों का मानना था कि एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस जवान की सतर्कता और तत्परता की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित