अलीराजपुर , अप्रैल 19 -- मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के बोरी गांव में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घर से करीब 100 मीटर पहले ही उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसा रात लगभग दो बजे का बताया गया है। मृतकों की पहचान रोशन (17), अनिल (14) और सावन (15) के रूप में हुई है। इनमें दो किशोर बोरी थाना क्षेत्र के निवासी थे, जबकि एक धार जिले के बाग क्षेत्र का रहने वाला था।
घटना के बाद शवों को बोरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रवींद्र राठी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित