नयी दिल्ली , मार्च 26 -- दिल्ली पुलिस ने 2022 के अलीपुर हत्या मामले में तीन साल से फरार घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल राजपूत उर्फ लंबू के रूप में हुई है। उसे खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान के बाद हरियाणा के गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी से पकड़ा गया।
रोहिणी की एक अदालत ने उसे मई 2023 में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 174ए और 34 के तहत दर्ज प्राथमिकी के संबंध में घोषित अपराधी ठहराया था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदोरा ने बताया कि 24 मार्च को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने गुरुग्राम में एक फार्महाउस के पास अनिल की गतिविधियों पर नजर रखी। सहायक पुलिस आयुक्त राजपाल डबास की देखरेख में निरीक्षक सतीश मलिक के नेतृत्व में एक टीम ने छापेमारी करने से पहले तकनीकी निगरानी और जमीनी खुफिया जानकारी जुटाई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने निरंतर पूछताछ के दौरान 23-24 सितंबर, 2022 की मध्यरात्रि को नजीर की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित