लखनऊ , मार्च 03 -- सुल्तानपुर जिले के इसौली क्षेत्र के विधायक मो. ताहिर खां ने केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी को पत्र लिखकर केंद्रीय विद्यालयों में निर्धारित परीक्षा तिथि पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभाग के अंतर्गत कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक/सत्रांत परीक्षा 20 मार्च 2026 को आयोजित की जानी प्रस्तावित है। उक्त तिथि अलविदा जुम्मा के दिन पड़ रही है, जो मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखती है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान मुस्लिम विद्यार्थी अलविदा जुम्मा की नमाज अदा करने में असमर्थ हो सकते हैं। विधायक ने कहा कि अलविदा जुम्मा रमजान माह का अंतिम शुक्रवार होता है और इसका धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। प्रदेश की कई शैक्षिक एवं सरकारी संस्थाओं में इस दिन अवकाश भी घोषित किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित