अलवर , मार्च 29 -- राजस्थान में जैन धर्मावलम्बियों के अंतिम एवं 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक अलवर में 30 मार्च को भव्यता से मनाया जायेगा।
तीन दिवसीय इस आयोजन के तहत 30 मार्च को शहर में भव्य स्वर्ण रथयात्रा निकाली जायेगी और इस दिन शहर के जैन धर्मावलम्बी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।
श्री चन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद जैन ने रविवार को बताया कि भव्य स्वर्ण रथयात्रा अलवर शहर के मुंशी बाजार स्थित श्री चन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर से सुबह नौ बजे बैण्ड बाजों, शहनाईयों के साथ शुरू होगी जिसमें कई प्रेरणादायक झांकियां, भजन मंडली शामिल होंगी। स्वर्ण रथ को श्रद्धालुओं द्वारा अपने हाथों से खींचा जायेगा।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई करोली कुण्ड स्थित जैन नसिया जी पहुंचेगी जहां ध्वजारोहण के साथ जैन नसिया जी में तीन दिवसीय मेला आयोजित होगा और विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। रथयात्रा के मार्ग को तोरण द्वारों से सजाया गया है वहीं रथयात्रा का मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा श्रीजी की आरती करके अगवानी की जायेगी।
श्री जैन ने बताया कि इससे पहले शहर के जैन मंदिरों से 30 मार्च को सुबह करीब पांच बजे प्रभात फेरियां निकाली जायेंगी और जैन मंदिरों में सुबह श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा के कार्यक्रम होंगे एवं श्रद्धालुओं द्वारा पूजा अर्चना की जायेगी।
जैन पत्रकार महासंघ अलवर के जिला संयोजक हरीश जैन ने बताया कि अलवर में महावीर जयंती का आयोजन सकल जैन समाज द्वारा एक मंच पर ही किया जाता है जिसे अपने आप में अनूठी मिसाल कहा जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित