अलवर , मार्च 11 -- राजस्थान में अलवर में बुधवार को नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

नगर निगम के सूत्रों ने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के दल ने नेहरू पार्क, कंपनी बाग और चिल्ड्रन पार्क सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने कचरा हटाकर परिसर और सड़कों को साफ-सुथरा किया और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह ने बताया कि शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष रूप से सफाई की जा रही है, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और शहर की सुंदरता भी बनी रहे।

श्री सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि यह हम सभी की रोजमर्रा की जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति अपने आसपास सफाई का ध्यान रखे, तो पूरा शहर साफ और सुंदर बन सकता है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित