अलवर , मार्च 13 -- राजस्थान में अलवर जिले में रसोई गैस की बढ़ती समस्या को लेकर जिला कांग्रेस समिति ने गुरुवार को मिनी सचिवालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की किल्लत को तुरंत दूर करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि वर्तमान में पूरे देश के साथ-साथ अलवर जिले में भी रसोई गैस की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। आम जनता गैस सिलेंडर के लिए परेशान है और लोगों को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। कई लोग सुबह से गैस एजेंसियों के बाहर कतारों में लग जाते हैं, इसके बावजूद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन यह दावा कर रहा है कि अलवर जिले में गैस की पर्याप्त व्यवस्था है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। आम जनता गैस के लिए दर-दर भटक रही है और कई परिवारों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी दैनिक जीवन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। श्री गंगावत ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द गैस आपूर्ति की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित