अलवर , फरवरी 16 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा-भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में खुशखेडा स्थित फैक्ट्री में सोमवार को सुबह हुई अग्नि दुर्घटना के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल एवं समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

जिला कलेक्टर डाॅ आर्तिका शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी एवं अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गये और तेजी कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण एवं प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने का कार्य किया गया।

उन्होंने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिये एम्स, दिल्ली भेजा गया है। फैक्ट्री परिसर की गहन तलाशी एवं बचाव अभियान पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में परिसर के भीतर किसी भी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना नहीं है। इस घटना में सात व्यक्तियों की मौत होने की पुष्टि हुई है।

डाॅ शुक्ला ने बताया कि प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए अगले सात दिन में सभी औद्योगिक इकाइयों की व्यापक जांच करने के निर्देश दिये हैं। इस दौरान इकाइयों में संचालित गतिविधियों, अग्नि सुरक्षा उपायों, वैधानिक अनुमतियों एवं श्रमिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित