अलवर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा का आयोजन पांच और छह अप्रैल को अलवर जिले में किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि यह परीक्षा दो पारियों में 64 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 450 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर्स लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को मोबाइल उपयोग की अनुमति नहीं होगी ।
श्री चौधरी ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा । प्रवेश पत्र और वैध फोटो आईडी साथ लाना जरूरी है । देर से आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित