अलवर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में अलवर शहर में नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा गुरुवार को बिजली घर चौराहा स्थित तिकोने पार्क में लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान पार्क के भीतर और बाहर अवैध रूप से बनाये गये ढाबे हटाये गये, वहीं पैदल चलने वाले मार्ग पर लोगों द्वारा बनाये गये चूल्हों को भी तोड़ दिया गया ।
नगर विकास न्यास के मानवेन्द्र जायसवाल ने बताया कि यूआईटी सचिव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी है। बिजली घर चौराहे पर स्थित इस पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही थी और पार्क की स्थिति भी खराब होती जा रही थी। निरीक्षण के बाद अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए, जिसके तहत बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार इस पार्क को विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटने के बाद यहां सौंदर्यीकरण और विकास कार्य किये जाएंगे, जिससे आमजन को स्वच्छ और सुव्यवस्थित पार्क की सुविधा मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित