अलवर , दिसंबर 17 -- राजस्थान में अलवर के समीप बाला किला के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित मनसा माता मंदिर के पास बुधवार रात करीब नौ बजे भीषण आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया है। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर लगी इस आग की लपटें पूरे शहर से साफ दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन दुर्गम इलाका होने के कारण रात्रि में आग के केंद्र तक पहुंच पाना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
इस घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता पैदा कर दी है, क्योंकि जिस पहाड़ी पर आग लगी है वहां तेंदुआ और बाघों का बसेरा है। विशेष रूप से एक बाघिन और उसके शावकों की मौजूदगी ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी स्थिति में वन्यजीव अक्सर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर जाते हैं। पहाड़ियों पर धधकती यह आग पिछले दो घंटों से लगातार फैल रही है और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां पानी के टैंकर या अन्य अग्निशमन साधन पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित