अलवर , मार्च 26 -- राजस्थान में अलवर के केंद्रीय कारागृह में बुधवार देर रात जेल के हल्का नंबर-1 स्थित वार्ड नंबर-1 में संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी लेने पर मोबाइल फोन और निषिद्ध सामग्री बरामद हुई। सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को रात करीब दो बजे किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनायी दी। इसके बाद मुख्य प्रहरी हरसहाय मीणा और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान शौचालय के पास एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसे खोलने पर चार कीपैड मोबाइल फोन और करीब दो ग्राम गांजा जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई।

सूत्रों ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में एक कंपनी के अलग-अलग मॉडल शामिल हैं, जो बिना सिम के थे। प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि यह सामग्री लावारिस हालत में मिली, लेकिन इसके पीछे किसी अंदरूनी या बाहरी मिलीभगत की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।

जेल प्रशासन ने सामग्री को जब्त करके सीलबंद किया और मामले की रिपोर्ट शहर कोतवाली थाने में दर्ज करवायी गयी है। पुलिस ने कारागार अधिनियम और मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित