लखनऊ , फरवरी 07 -- अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स-सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में लखनऊ के वेटरन खिलाड़ी अरुण कक्कड़ ने शानदार कोर्ट कवरेज के दम पर दोहरे खिताब जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

उन्होंने पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक वर्ग के फाइनल में बरेली के अनिल मेहरोत्रा को 15-21, 21-11, 21-7 से हराकर खिताब जीता। इसके अलावा पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक वर्ग में गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव के साथ जोड़ी बनाकर अनिल कुमार भटनागर व पंकज गुप्ता (नोएडा/कानपुर) को 21-10, 21-16 से पराजित किया।

महिला वर्ग में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने भी दोहरी सफलता हासिल की। उन्होंने महिला एकल 45 वर्ष से अधिक वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा को 8-21, 21-13, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले वह युगल वर्ग का खिताब भी जीत चुकी हैं। महिला एकल 50 वर्ष से अधिक वर्ग में लखनऊ की सुषमा सिंह ने शीर्ष वरीय सुनीता यादव (गाजियाबाद) को 21-4, 21-6 से हराकर उलटफेर के साथ खिताब जीता।

बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, गोमती नगर में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में अन्य मुकाबलों में मिश्रित युगल 60 वर्ष से अधिक में महेंद्र सिंह व रेखा सिंह (लखनऊ/गाजियाबाद), पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक में पवन गुप्ता (कानपुर) तथा पुरुष एकल 75 वर्ष से अधिक में योगेंद्र कुमार जायसवाल (वाराणसी) ने खिताब जीते। मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक में रविंद्र सिंह व कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) की जोड़ी विजेता रही। प्रतियोगिता के चौथे और अंतिम दिन रविवार को शेष मुकाबले खेले जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित