ईटानगर , अप्रैल 12 -- अरुणाचल प्रदेश की ईटानगर कैपिटल पुलिस ने यापी पोटॉम हत्याकांड के संबंध में त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार, दोस्तों और इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति सहानुभूति जतायी और कहा कि वे इस घड़ी में सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

पुलिस ने इस मामले में लेपारादा जिले के बासर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एस्सिचिकु गांव के निवासी आरोपी डकसेन रिरम को सात अप्रैल को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था और वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस ने बताया कि जांच अब पूरी होने के करीब है।

कैपिटल पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि इस मामले को एक समर्पित टीम द्वारा संभाला गया है, जिसने त्वरित और वैज्ञानिक जांच के माध्यम से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं।

पुलिस ने आगे कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर दिया जाएगा और आश्वासन दिया कि कानून के अनुसार अधिकतम सजा सुनिश्चित करने के लिए इस मामले को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित