ईटानगर , अप्रैल 04 -- अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के संयुक्त तलाश और बचाव अभियान के दौरान तिरप जिले में तिस्सा नदी से दूसरे लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया।
अभियान का नेतृत्व एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर प्रबीर अमानी और एसडीआरएफ के क्षेत्रीय केंद्र, खोंसा के प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक युमतो पुलोंग ने किया।
यह घटना गत एक अप्रैल को उस समय घटित हुई, जब तिरप जिले के चासा गांव के दो भाई-लाइचत वांगपन और वांगथोआ वांगपन नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गए थे। वे सात अप्रैल को होने वाली लाइचत की शादी के लिए मांस खरीदने के लिए तीन अन्य लोगों के साथ चोपनू गांव गए थे। वापसी के दौरान वांगथोआ नदी में फिसल गया और लाइचत उसे बचाने की कोशिश में नदी में कूद गया। चाजनपोंग पॉइंट के पास दोनों ही पानी के तेज बहाव में बह गए। तलाशी के शुरुआती चरण में 02 अप्रैल को वांगथोआ वांगपन का शव बरामद कर लिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित