ईटानगर , दिसंबर 05 -- अरुणाचल प्रदेश में असम राइफल्स की खोंसा बटालियन ने पुलिस के साथ मिलकर सुनियोजित अभियान के तहत गुरुवार को तिरप जिले के हुकनजुरी क्षेत्र में एनएससीएन (के-निकी सुमी) समूह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया।
असम राइफल्स के अधिकारी शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयुक्त अभियान पूर्वी कमान खुफिया बटालियन (ईसीआईबी) और 3 सीआईबी सहित कई सुरक्षा माध्यमों से प्राप्त विश्वसनीय खुफिया जानकारी के बाद शुरू किया गया था। इसकी पुष्टि 19 डब्ल्यूईयू ने भी की थी और इलाके में एक सशस्त्र विद्रोही की उपस्थिति की बात की गई थी।
सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, 44 असम राइफल्स के जवानों और अरुणाचल पुलिस की एक संयुक्त टीम चिन्हित स्थान पर पहुंची और सटीक अभियान चलाया। समन्वित प्रयास में एनएससीएन (के-निकी सुमी) समूह के एक सक्रिय एवं सशस्त्र सदस्य, स्वयंभू (एसएस) कैप्टन जेनलोंग सुपोंग को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने उसके पास से एक पिस्तौल, एक मैगज़ीन, छह ज़िंदा कारतूस, एक मोबाइल फ़ोन और एक पैन कार्ड भी बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद सुपोंग को बरामद हथियारों और गोला-बारूद के साथ आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही के लिए खोनसा पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित