इटानगर , फरवरी 24 -- अरुणाचल प्रदेश के नेताओं ने दिल्ली के मालवीय नगर में रह रही राज्य की तीन युवतियों के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार की घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस घटना को 'शर्मनाक' और 'पूरी तरह से अस्वीकार्य' बताया और कहा कि समाज में ऐसे व्यवहार के लिए कोई स्थान नहीं है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए श्री खांडू ने कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से सीधे बात की है और त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने कहा, "मामले की जानकारी मिलते ही मैंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से बात की। पुलिस आयुक्त व्यक्तिगत रूप से मेरे संपर्क में हैं। आरोपी वर्तमान में फरार हैं और मुझे आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"श्री खांडू ने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि तीनों महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता है और राज्य उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित