जयपुर , दिसंबर 29 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उच्चत्तम न्यायालय के अरावली पर्वतमाला और उन्नाव दुष्कर्म मामले में दिये फैसलों का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे जनता को राहत मिली है और आमजन में न्यायालय के प्रति और विश्वास बढ़ा है।

श्री डोटासरा ने सोमवार को यहां अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने अपने दोनों फैसलों से देश की जनता को राहत दी है और इससे आमजन में न्यायालय के प्रति विश्वास और बढ़ा हैं। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हैं कि न्यायालय ने अरावली मामले को गंभीरता से लिया और जनता की आवाज और अरावली की पुकार को सुना।

उन्होंने कहा कि इससे अरावली पवर्तमाला खनन माफियाओं के हवाले होने से बची हैं। उन्होंने विश्वास और उम्मीद जताते हुए कहा कि न्यायालय आगे जनवरी में अपना जो फैसला सुनायेगा वह भी जनता की भावना के अनुरुप आयेगा।

श्री डोटासरा ने कहा कि उन्नाव दुष्कर्म मामले में उत्तर प्रदेश के एक पूर्व भाजपा विधायक को जमानत मिली थी उस पर स्थगन आदेश देकर उच्चत्तम न्यायालय ने जनता को न्याय दिया हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने दुष्कर्म मामले में जमानत पर रोक लगाकर आमजन में न्याय के प्रति विश्वास पैदा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए आंदोलनरत थी और अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिए राजस्थान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पार्टी नेता राहुल गांधी नेतृत्व में आंदोलन कर रही थी, फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला को बचाने को लेकर जो लोग चिंता कर रहे थे, वह उनसे आग्रह करना चाहते हैं कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि न्यायालय से पूरी उम्मीद है कि वह पूरा न्याय करेगा और अरावली खनन माफियाओं के हवाले होने से बचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित