अररिया , फरवरी 02 -- बिहार के अररिया जिले के फॉरबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में बंद घरों में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुये एक संगठित चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुये विशेष छापामारी अभियान के तहत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फॉरबिसगंज के नेतृत्व में बथनाहा और फुलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर गिरोह के सदस्यों की पहचान कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजा चौधरी, मो. बुचो, शशि पासवान, बसंती देवी और मकिना खातून उर्फ माको शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बंद घरों की पहले रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। जांच में इनके पूर्व आपराधिक इतिहास की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि अररिया जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आई है।
फिलहाल सभी अभियुक्तों को बथनाहा थाना कांड में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही अन्य जिलों में दर्ज चोरी के मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित