अररिया , मार्च 20 -- अररिया के जिलाधिकारी(डीएम) विनोद दूहन ने घरेलू गैस के उपभोक्ताओं को कहा है कि जिले की गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस(एलपीजी) की उपलब्धता पर्याप्त है और इसके लिए किसी भी प्रकार की अफरा तफरी की आवश्यकता नही है।

डीएम श्री दूहन की अध्यक्षता परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिले में एलपीजी की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि अररिया जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और वर्तमान में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिले में कुल 55 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 16,764 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि पेंडिंग बुकिंग की संख्या 14,488 है। इससे स्पष्ट है कि गैस की आपूर्ति मांग से अधिक है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

डीएम ने कहा कि घरेलू एवं व्यवसायिक दोनों प्रकार के गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन कड़ी नजर रखे हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित