अररिया , मार्च 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि अररिया जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के तहत अररिया जिले के अररिया कॉलेज परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि अररिया जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष 281 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 212 पंचायतों में सुधा दूध बिकी केन्द्र खोला जायेगा। सभी नौ प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा अररिया सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी।
श्री कुमार ने कहा कि अररिया जिले में अनेक पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि बॉर्डर रोड तथा 2 बड़े पथों का 4 लेन चौड़ीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि अररिया जिले में विकास के सभी काम करा दिए गए हैं। अररिया में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। कर्पूरी छात्रावास एवं 3 आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया गया है। पूर्वी कोसी नहर प्रणाली का जीर्णोद्धार कार्य कराया गया है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए अररिया जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिन पर काम चल रहा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुन्दरनाथ धाम का विकास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अररिया-सिकटी पथ का चौड़ीकरण शुरू किया गया है। अररिया में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जा रहा है। सैफगंज से सुकैला पथ का चौड़ीकरण किया जा रहा है। फारबिसगंज में आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित