सुलतानपुर , अप्रैल 28 -- अयोध्या से मुंबई के लिए चलने वाली अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेन अब सुलतानपुर और प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशनों पर भी रुकेगी। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों, विशेषकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मंगलवार को सुलतानपुर रेलवे स्टेशन पर सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने ट्रेन चालक एवं स्टाफ का माल्यार्पण कर स्वागत किया और ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि यह ट्रेन विशेष रूप से मध्यम वर्गीय और गरीब परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सुलतानपुर से मुंबई तक का सफर अब बेहद कम किराये में पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि ट्रेन में एसी नहीं होने के बावजूद इसे आधुनिक और आरामदायक बनाया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को सम्मानजनक यात्रा का अवसर मिलेगा। लखनऊ मंडल के रेलवे अधिकारी विकास तिवारी ने बताया कि नई ट्रेन अयोध्या से चलकर सुलतानपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज होते हुए मुंबई तक जाएगी। वर्तमान में लखनऊ मंडल के अंतर्गत सुलतानपुर और प्रतापगढ़ में इसके ठहराव सुनिश्चित किए गए हैं, जबकि अन्य स्टेशनों की सूची शीघ्र अधिसूचित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन की प्रमुख विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक और किफायती किराया है। इसे वंदे भारत ट्रेन की तर्ज पर विकसित किया गया है, जिसमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यह एक नॉन-एसी ट्रेन है, जिसे विशेष रूप से मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए तैयार किया गया है। अधिकारी के अनुसार यात्री मात्र 400 से 450 रुपये के टिकट में सुलतानपुर से मुंबई तक की यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन का संचालन अमृत भारत अभियान के तहत किया गया है। यह सेवा न केवल यात्रा के समय को कम करेगी, बल्कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एसडीएम सदर बिपिन द्विवेदी, सपा नेता अधिवक्ता अशोक सिंह बिसेन सहित कई रेलवे अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित