रायपुर , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में कवर्धा स्थित उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के कार्यालय में अयोध्या धाम में श्रीरामलला के पावन दर्शन कर लौटे तीर्थ यात्रियों का जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों की उपस्थिति में आज स्वागत किया गया। इस अवसर पर तीर्थ यात्रियों को श्रीफल, पुष्पमाला एवं वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार अयोध्या धाम से लौटने वाले प्रत्येक तीर्थ यात्री दल का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य तीर्थ यात्रा पूर्ण कर लौटे श्रद्धालुओं को सम्मान, आत्मीयता एवं सहयोग का भाव प्रदान करना है, ताकि वे अपने धार्मिक अनुभवों को सुखद स्मृतियों के साथ साझा कर सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सिख गुरुद्वारा प्रबंध समिति अध्यक्ष गुरुमुख सिंह अरोरा, नितेश अग्रवाल, जनपद पंचायत कवर्धा अध्यक्ष प्रतिनिधि गनपत बघेल, नरेन्द्र मानिकपुरी, सतविंदर पाहुजा एवं वेदकुमारी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान तीर्थ यात्रियों ने अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन से जुड़े अपने भावनात्मक एवं आध्यात्मिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही। साथ ही शासन-प्रशासन द्वारा किए गए इस सम्मान ने उन्हें अत्यंत प्रसन्नता प्रदान की है। तीर्थ यात्रियों ने इस आत्मीय स्वागत के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित