श्रीनगर , मार्च 02 -- अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर घाटी में हुए व्यापक प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सोमवार को श्रीनगर सहित घाटी के कई हिस्सों में कड़े प्रतिबंध लगा दिए तथा स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
ईरान के सर्वोच्च नेता की हत्या के बाद कश्मीर में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। रविवार को इस हत्या के विरोध में क्षेत्र में पिछले कई वर्षों का सबसे बड़ा प्रदर्शन देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को प्रतिबंध लागू होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शहर के मुख्य केंद्र लाल चौक की ओर मार्च करने की कोशिश की। अधिकारियों की चेतावनी नहीं मानने पर पुलिस को कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि इन झड़पों के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा बलों ने रविवार शाम को ही ऐतिहासिक लाल चौक को बंद कर दिया था, जहाँ हजारों लोग श्री खामेनेई की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने के लिए पहले एकत्र हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित