अलवर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में अलवर शहर में मंगलवार को अंबेडकर जयंती पर अंबेडकरवादी संगठन की रैली के दौरान कई जगह हंगामा देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलवर के कोतवाली, एन ई बी और वैशाली नगर थाना पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली मोटर साइकिलों को जब्त करने की कार्रवाई की। इसके बाद रैली में शामिल लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। इसी दौरान पटाखा मोटर साइकिल के खिलाफ कार्रवाई करने पर भीड़ ने कोतवाली पर पथराव किया।
सूत्रों ने बताया कि हालांकि इस घटना में अभी किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन अचानक हुए इस पथराव से कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मियों में भी भगदड़ मच गई। इस घटना के बाद पुलिस बल तैनात किया गया है ।
पुलिस उपाधीक्षक अंगद शर्मा ने बताया कि रैली के दौरान करीब 200 पुलिस कर्मियों का जाप्ता लगाया गया था। हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। त्वरित कार्रवाई बल (क्यूआरटी) और जिला विशेष दल (डीएसटी) सहित काफी पुलिस बल तैनात था। यात्रा के दौरान आज कई जगह हंगामा होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मोटर साइकिल जब्ती को लेकर कई जगह हंगामा होने की जानकारी मिली थी, लेकिन मामला शांत कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित