वाशिंगटन , अप्रैल 05 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह घोषणा की कि अमेरिका ने ईरानी क्षेत्र से उन दो लड़ाकू पायलटों को सुरक्षित निकाल लिया है, जो शनिवार को ईरानी सेना के हमले में दो अमेरिकी विमानों के गिराए जाने के बाद से लापता हो गये थे।
श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल पर कहा, "हमने उन्हें पा लिया है! मेरे प्यारे देशवासियों, पायलट अब पूरी तरह सुरक्षित हैं।" उन्होंने बताया कि इस 'चमत्कारी' अभियान में दूसरे पायलट को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाल लिया गया है। इससे पहले एक अन्य पायलट को भी सुरक्षित निकाल लिया गया था, लेकिन इसकी पुष्टि इसलिए नहीं कि गयी थी क्योंकि वे दूसरे बचाव अभियान को खतरे में नहीं डालना चाहते थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि पिछले कुछ घंटों के दौरान, अमेरिकी सेना ने अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी बचाव अभियानों में से एक को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पायलट ईरान के दुर्गम पहाड़ों में दुश्मन की सीमा के पीछे था और दुश्मन हर घंटे उसके करीब पहुँच रहे थे।
श्री ट्रंप ने कहा कि वह पायलट कभी अकेला नहीं था क्योंकि कमांडर-इन-चीफ, युद्ध सचिव और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष चौबीसों घंटे उसकी लोकेशन पर नजर रख रहे थे और बचाव की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सेना ने उसे वापस लाने के लिए दुनिया के सबसे घातक हथियारों से लैस दर्जनों विमान भेजे थे। पायलट को कुछ चोटें आई हैं, लेकिन वह ठीक हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित