, March 27 -- तेहरान, 27 मार्च (वार्ता/स्पुतनिक) अमेरिकी सेनाओं के साथ संभावित जमीनी टकराव की स्थिति में ईरान ने 10 लाख से अधिक नागरिकों को लामबंद किया है। यह जानकारी मेहर समाचार एजेंसी ने एक सूत्र के हवाले से शुक्रवार को दी।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के संवाददाता एलेक्स वार्ड ने बुधवार को कई अमेरिकी सांसदों का हवाला देते हुए कहा कि ईरान ने अमेरिकी सेना द्वारा जमीनी अभियान के खिलाफ कथित रूप से पहले से ही योजना बना ली है और यह जल्द ही शुरू हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने तेहरान सहित ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए, जिससे भारी नुकसान हुआ और नागरिक हताहत हुए। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।अमेरिका और इज़राइल ने शुरुआत में दावा किया कि उनका "प्री-एम्प्टिव" (पूर्व-रक्षात्मक) हमला ईरान के परमाणु कार्यक्रम से उत्पन्न कथित खतरे का मुकाबला करने के लिए आवश्यक था लेकिन जल्द ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वे ईरान में सत्ता परिवर्तन देखना चाहते हैं।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सैन्य अभियान के पहले ही दिन मारे गए जिसके बाद इस्लामी गणराज्य ने 40 दिनों के शोक की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित