काहिरा , फरवरी 05 -- ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच दोनों देश शुक्रवार को ओमान की राजधानी मस्कट में वार्ता करने पर सहमत हो गये हैं। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
पिछले कुछ दिनों से वार्ता के स्थान और एजेंडे को लेकर दोनों पक्षों में सार्वजनिक मतभेद सामने आ रहे थे, जिससे आपसी गहरे मतभेद उजागर हुए थे। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि वार्ता शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे मस्कट में होगी। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए ओमान का आभार भी जताया।
इसके तुरंत बाद कई पश्चिमी मीडिया संस्थानों ने बताया कि कम से कम नौ पश्चिम एशियाई देशों के हस्तक्षेप और आग्रह के बाद अमेरिका ने ओमान में वार्ता के लिए सहमति दे दी है। इस घोषणा से पहले अमेरिकी मीडिया में खबर आयी थी कि स्थान और प्रारूप को लेकर मतभेदों के कारण वार्ता रद्द भी हो सकती है। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को तुर्की के इस्तांबुल में बैठक करने पर सहमति बनी थी, जिसमें कुछ पश्चिम एशियाई देशों को पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होना था।
ईरान ने मंगलवार को कथित तौर पर प्रस्ताव दिया था कि वार्ता को ओमान स्थानांतरित किया जाए और इसे केवल परमाणु मुद्दों पर केंद्रित द्विपक्षीय प्रारूप में आयोजित किया जाए। इससे पहले बुधवार को अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सिओस ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिका ने ईरान की इस शर्त को खारिज कर दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, "हमने उनसे कहा कि या तो मूल व्यवस्था पर बात होगी या फिर कुछ नहीं, और उन्होंने कहा कि फिर कुछ नहीं।"अधिकारी ने यह भी कहा कि यदि ईरान मूल व्यवस्था पर लौटता है तो अमेरिका आने वाले दिनों में वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन चेतावनी दी कि यदि किसी समझौते तक नहीं पहुंचा गया तो अमेरिका अन्य विकल्पों पर विचार कर सकता है, जिनमें सैन्य कार्रवाई भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित