बेंगलुरु , फरवरी 14 -- अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कर्नाटक निवासी 22 वर्षीय विद्यार्थी साकेत श्रीनिवासैया के लापता होने पर गहरी चिंता जतायी है।
दूतावास ने कहा है कि वह स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने वाले भारतीय विद्यार्थी के परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और उसे ढूंढने में अमेरिका के अधिकारियों की मदद कर रहा है।
श्रीनिवासैया भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी ) मद्रास के पूर्व छात्र है और अमेरिका बर्कले में रासायनिक एवं जैवआणविक इंजीनियरिंग से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, वह मंगलवार से लापता हैं। आखिरी बार उन्हें बर्कले में ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक के पास देखा गया था। बर्कले पुलिस विभाग ने उसके गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है और लोगों से उनके बारे में कोई भी जानकारी देने की अपील की है। ईस्ट बे रीजनल पार्क डिस्ट्रिक्ट की मदद से लेक अंज़ा और बर्कले हिल्स के आस-पास के इलाकों में तलाश की कोशिशें की जा रही हैं।
सामुदायिक और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रीनिवासैया का बैकपैक (जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था) टिल्डेन रीजनल पार्क के पास एक घर के पास मिला, जिससे तलाश अभियान और तेज़ हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित