लॉस एंजिल्स , फरवरी 01 -- अमेरिका के एरिजोना राज्य में स्थित ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क से ऐतिहासिक प्रदर्शनी के उन हिस्सों को हटा दिया गया है, जिनमें बताया गया था कि कैसे इस पार्क को बनाने के लिए 'आदिवासी समुदायों को उनकी जमीनों से बेदखल किया गया था।'अमेरिका अखबार वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, यह एक सुनियोजित अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अमेरिका के पश्चिमी हिस्से के कम से कम 18 राष्ट्रीय उद्यान प्रभावित हैं। इनमें मोंटाना, टेक्सास, कोलोराडो, यूटा और व्योमिंग के स्थल शामिल हैं।
वाशिगंटन पोस्ट की रिपोर्ट में बताया गया है कि सरकारी दस्तावेजों से पता चलता है कि पार्क के कर्मचारियों ने उन संदर्भों को भी हटा दिया, जिसमें 'अमेरिका के मूल निवासियों के दुख, कष्ट और नुकसान ' का उल्लेख किया गया था।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मार्च 2025 में एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें एजेंसियों को उस सामग्री को खत्म करने का निर्देश दिया गया था जो 'अनुचित रूप से अमेरिकियों को नीचा दिखाती है'। आदेश में इसके बजाय 'अमेरिकी लोगों की उपलब्धियों और प्रगति की महानता' पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया था।
अमेरिकी इतिहासकारों के दो प्रमुख संगठनों अमेरिकन हिस्टोरिकल एसोसिएशन और ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन हिस्टोरियंस ने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर होने के बाद एक संयुक्त बयान जारी कर प्रशासन की नीतियों को 'ऐतिहासिक रिकॉर्ड के महत्वपूर्ण हिस्सों को विकृत करने, हेरफेर करने और मिटाने का एक व्यवस्थित अभियान' बताया था।
बयान में कहा गया था, "हालिया निर्देश ऐतिहासिक अनुसंधान, ऐतिहासिक सटीकता और अमेरिकियों के वास्तविक अनुभवों के बजाय संकीर्ण विचारधारा को कपटपूर्ण तरीके से प्राथमिकता देते हैं।"एक गैर-लाभकारी समूह नेशनल पार्क्स कंजर्वेशन एसोसिएशन के अनुसार, धन की कटौती ने देश भर में 200 से अधिक 'ट्राइबल हिस्टोरिक प्रिजर्वेशन' अधिकारियों के काम को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। ये अधिकारी जनजातियों को उनके विरासत स्थलों की रक्षा करने और उनके इतिहास के सटीक चित्रण को सुनिश्चित करने में मदद करते हैं।
इतिहास को मिटाने की यह कोशिश केवल पश्चिमी हिस्से तक नहीं रुकी है। सितंबर 2025 में, अधिकारियों ने जॉर्जिया के एक पार्क से 1863 की एक प्रसिद्ध तस्वीर हटा दी। उस तस्वीर में एक गुलाम व्यक्ति को दिखाया गया था जिसके शरीर पर कोड़ों के गंभीर निशान थे। जब यह तस्वीर पहली बार अमेरिकी गृहयुद्ध के दौरान प्रकाशित हुई थी, तो इसने गुलामी की क्रूरता को उजागर करके देश को झकझोर दिया था।
पिछले हफ्ते, 'नेशनल पार्क सर्विस' ने फिलाडेल्फिया में एक स्मारक को हटा दिया जो जॉर्ज वाशिंगटन (अमेरिका के पहले राष्ट्रपति) द्वारा गुलाम बनाए गए नौ लोगों के बारे में जानकारी देने के लिये स्थापित किया गया था। यह प्रदर्शनी 2010 से वहां मौजूद थी।
नेशनल पार्क्स कंजर्वेशन एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी एलन स्पीयर्स ने कहा कि इतिहास के एक खास हिस्से को हटाना 'अमेरिका के नस्लीय घावों को साफ-सुथरा दिखाने का एक खतरनाक और गुमराह करने वाला प्रयास है।'पार्क के कर्मचारी व्यक्तिगत आपत्तियों के बावजूद आदेशों का पालन करने के लिए दबाव महसूस कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित