नयी दिल्ली , मार्च 16 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन किया। देशभर से आए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जंतर मंतर पर एकत्र हुए और वहां से संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी और राजस्थान के विधायक मनीष यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

श्री सुरजेवाला ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस इस व्यापार समझौते का लगातार विरोध कर रही है, क्योंकि इससे देश के किसानों के हितों को नुकसान पहुंचेगा। उन्हाेंने कहा कि लोक सभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी ने इस समझौते का पुरजोर विरोध किया है। जब तक यह व्यापार समझौते पूरी तरह समाप्त नहीं किया जाता, तब तक देश के किसानों के अधिकार सुरक्षित नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की आजीविका पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

इस मौके पर श्री चिब ने कहा कि यह आंदोलन किसानों और देश की खेती को कथित नुकसान पहुंचाने वाली अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय दबाव में आकर देश के स्वाभिमान से समझौता किया है। उन्हाेंने सवाल उठाया कि क्या यह समझौता मजबूरी में हुआ है या डर से।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित