जौनपुर , मार्च 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय विनायक जोशी ने बुधवार को इजरायल और ईरान युद्ध को विश्व शांति के लिए घातक बताया और कहा कि अमेरिका को दादागिरी बंद कर देनी चाहिए।

श्री जोशी बुधवार को जौनपुर में विधान परिषद के से पूर्व सदस्य विद्या सागर सोनकर की पुत्री के वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका को दादागिरी बंद कर देनी चाहिए, उसके रवैये से विश्व के विकसित और विकासशील देशों पर बुरा असर पड़ रहा है, इसके कारण अमेरिका को भी भयंकर आर्थिक नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इजरायल और ईरान के बीच का युद्ध दुर्भाग्यपूर्ण है, जो बातें हों उसे मिलजुलकर बातचीत कर सुलझानी चाहिए। इस अहम की लड़ाई से दुनिया का नुकसान हो रहा है। इसके लिए दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्ष अपने स्तर से पहल करके युद्ध विराम का रास्ता निकाले।

उन्होंने युद्ध के कारण भारत देश पर पड़ने वाले प्रभाव पर कहा कि सरकार युद्ध की परिस्थितियों पर नजर रखे हुए हैं। देश के नागरिकों के सुरक्षा और सुविधाओं पर कोई भी प्रभाव नहीं पड़े इसके लिए रणनीति सरकार तैयार कर रही होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित