वॉशिंगटन , अप्रैल 30 -- अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि अमेरिका ने लगभग 50 करोड़ डॉलर की ईरानी क्रिप्टो सम्पति जब्त की है।
श्री बेसेंट ने फॉक्स बिज़नेस को बताया, "हमने पहले लगभग 35 करोड़ डॉलर की क्रिप्टो सम्पति जब्त की। इसके अलावा हाल ही में दस करोड़ डॉलर और मिले थे तो हमने कुल मिलाकर लगभग आधा बिलियन डॉलर की क्रिप्टो संपत्ति जब्त की है। "रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने 16 अप्रैल को कहा था कि अमरीकी वित्त मंत्रालय ने ईरान पर ज़्यादा से ज़्यादा आर्थिक दबाव डालने के लिए उसके खिलाफ ऑपरेशन "इकोनॉमिक फ्यूरी" शुरू किया।
गौरतलब है कि गत 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल ने ईरान के ठिकानों पर हमले किए, जिससे काफी जान माल का नुकसान हुआ। ईरान ने जवाब में इज़रायली इलाके और पश्चिम एशिया में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमला किये।
गत 11 अप्रैल को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ दो हफ़्ते के युद्धविराम समझौते की घोषणा के बाद ईरान और अमेरिका ने इस्लामाबाद में बातचीत की। 12 अप्रैल को अमरीकी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख एवं उपराष्ट्रपति जेडी वैन्स ने कहा कि ईरान और अमेरिका बातचीत के दौरान किसी समझौते पर नहीं पहुँच पाए। इसके बाद अमरीकी प्रतिनिधिमंडल बिना किसी निर्णय के वापस लौट गया।
इसके बाद श्री ट्रंप ने होर्मुज जलमार्ग के दोनों तरफ़ ईरानी तटों में आने-जाने वाले सभी जहाजों पर नाकाबंदी का ऐलान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित