वाशिंगटन , मई 01 -- अमेरिका के युद्ध विभाग ने सात बड़ी कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) और तकनीकी कंपनियों स्पेसएक्स, ओपनएआई, गूगल, एनवीआईडीआईए, माक्रोसफ्ट, अमेनज वेब सर्विस और रिफ्लेक्शन के साथ शुक्रवार को नए समझौतों की घोषणा की।
इन समझौतों का मकसद गोपनीय सैन्य नेटवर्क में उन्नत सिस्टम तैनात करना है। विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अमेरिकी सेना को एक "एआई-फर्स्ट लड़ाकू बल" में बदलना है, जिससे युद्ध के मैदान में निर्णय लेने की क्षमता और संचालन श्रेष्ठता बढ़ेगी।
पेंटागन ने कहा कि इन समझौतों से अत्याधुनिक एआई को "इम्पैक्ट लेवल 6 (आईएल6) और इम्पैक्ट लेवल 7 (आईएल7) नेटवर्क वातावरण" में एकीकरण करना संभव हो पाएगा, जिनका उपयोग अत्यंत संवेदनशील रक्षा अभियानों के लिए किया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस एकीकरण से "डेटा संश्लेषण को सुव्यवस्थित करने, स्थितिजन्य जागरूकता में सुधार करने और जटिल ऑपरेशनल वातावरण में सैनिकों के निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाने" की उम्मीद है। यह समझौता पेंटागन की व्यापक "एआई त्वरित रणनीति" का समर्थन करता है, जिसका मुख्य उद्देश्य "युद्ध, खुफिया जानकारी और एंटरप्राइज संचालन" के क्षेत्रों में क्षमताओं को मजबूत करना है। विभाग का आंतरिक प्लेटफॉर्म, जेनएआई.मिल पहले से ही उपयोग में है।
अधिकारियों ने बताया कि 13 लाख से अधिक कर्मियों ने इस प्रणाली का उपयोग किया है और केवल पाँच महीनों में "करोड़ों प्रॉम्प्ट" तैयार किए हैं तथा "लाखों एआई एजेंट" तैनात किए हैं।
युद्ध विभाग के अनुसार, ये उपकरण पहले से ही संचालन समय-सीमा को कम करने में मदद कर रहे हैं, और कुछ काम कथित तौर पर महीनों से घटकर कुछ दिनों में पूरे हो रहे हैं।
अधिकारियों ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह प्रणाली किसी एक वेंडर पर निर्भरता से बचने के लिए डिज़ाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी वास्तुकला" एआई वेंडर लॉक-इन को रोकेगा और संयुक्त बलों के लिए लंबे समय तक लचीलापन सुनिश्चित करेगा।"विभाग ने एक व्यापक प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र पर अपनी निर्भरता को भी उजागर किया, और कहा कि कई एआई प्रणाली तक पहुँच होने से सैन्य कर्मियों को "आत्मविश्वास के साथ काम करने और उभरते खतरों से देश की रक्षा करने के लिए ज़रूरी उपकरण मिलेंगे।"विभाग ने कहा कि यह पहल इस साझा विश्वास को दर्शाती है कि एआई के क्षेत्र में अमेरिकी नेतृत्व राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अनिवार्य है और यह वरिष्ठ नेतृत्व के उन निर्देशों के अनुरूप है जिनमें "देश की रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने के लिए सैनिकों को उन्नत एआई से सुसज्जित करने" की बात कही गई है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब पेंटागन सैन्य योजना, खुफिया विश्लेषण और संचालन प्रक्रिया में एआई को शामिल करने के लिए निजी टेक कंपनियों के साथ अपनी साझेदारियों का लगातार विस्तार कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित