, Feb. 27 -- यरूशलम/नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने शुक्रवार को यरूशलेम में दूतावास के कर्मचारियों से सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए तुरंत देश छोड़ने का आग्रह किया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 10:24 बजे मिशन के कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल में श्री हकाबी ने कहा कि जो लोग जाना चाहते हैं 'उन्हें आज ही ऐसा करना चाहिए' और उन्हें जल्द से जल्द बेन-गुरियन हवाई अड्डे से बाहर जाने वाली उड़ानों में सीटें सुरक्षित कर लेना चाहिए।

श्री हकाबी ने ईमेल में कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन देर करने के बजाय जल्द ही प्रस्थान की योजना बनाना महत्वपूर्ण है।

यह चेतावनी ईरान पर अमेरिकी हमले की संभावना को लेकर बढ़ते तनाव के बीच आई है। सैन्य कार्रवाई की स्थिति में इजराइल को ईरान या उसके सहयोगियों द्वारा जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

इस बीच इस क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा जोखिमों के मद्देनजर चीन ने भी अपने नागरिकों को ईरान से निकलने का आग्रह किया है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शुक्रवार को बताया कि चीन ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा करने से बचने की सलाह दी है और जो पहले से वहां मौजूद हैं, उनसे जल्द से जल्द देश छोड़ने का आग्रह किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, चीन के विदेश मंत्रालय और ईरान स्थित दूतावास ने चीनी नागरिकों से सावधानी बरतने और निकास सुविधा उपलब्ध रहने तक वहां से प्रस्थान करने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित