मुंबई , फरवरी 03 -- अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की घोषणा के बाद मंगलवार को अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 117.50 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.32 रुपये का बोला गया।

पिछले कारोबारी दिवस पर 91.4950 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाली भारतीय मुद्रा आज 119.50 रुपये की मजबूती के साथ 90.30 रुपये प्रति डॉलर पर खुली। इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। बीच कारोबार में यह ऊपर 90.05 रुपये और नीचे 90.52 रुपये प्रति डॉलर तक गयी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार देर रात टेलीफोन पर हुई बात के बाद श्री ट्रंप ने व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा की। इसके तहत अमेरिकी राष्ट्रपति ने तत्काल प्रभाव से भारतीय उत्पादों पर आयात शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की। श्री ट्रंप ने बताया कि बदले में भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करने और अमेरिकी उत्पादों पर आयात शुल्क घटाकर शून्य करने का आश्वासन दिया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत ने पांच साल में अमेरिका से 500 अरब डॉलर की प्रतिबद्धता भी जतायी है।

इस घोषणा से रुपये में आज तेजी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित