लखनऊ , फरवरी 03 -- आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अमेरिका के दबाव में ऐसी ट्रेड डील कर ली है, जिससे देश के किसानों की कमर टूटेगी और आम जनता पर महंगाई का सीधा बोझ पड़ेगा। उन्होंने इसे "देश के स्वाभिमान को गिरवी रखने वाला फैसला" करार दिया।
मंगलवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में संजय सिंह ने कहा कि इस समझौते की जानकारी भारत सरकार के बजाय अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्वीट से सामने आई, जो यह दर्शाता है कि अब भारत के अहम आर्थिक फैसले वॉशिंगटन से तय हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस की जगह अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदने का रास्ता खोला गया है, जबकि अमेरिकी तेल महंगा और वेनेजुएला का तेल कम गुणवत्ता वाला बताया जाता है। इसका असर पेट्रोल-डीजल से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों पर पड़ेगा।
किसानों को लेकर उन्होंने कहा कि अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर शून्य शुल्क लगाने का निर्णय भारतीय कृषि के लिए घातक साबित होगा। इससे अमेरिकी कपास, गेहूं और सब्जियां सस्ते दामों पर भारतीय बाजार में उतरेंगी, जिससे घरेलू किसानों की फसल के खरीदार नहीं मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि देश की 70-80 करोड़ आबादी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती पर निर्भर है और यह फैसला करोड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर हमला है।
आप नेता ने चेतावनी दी कि अगर यह ट्रेड डील वापस नहीं ली गई और किसानों व आम जनता के खिलाफ फैसले रद्द नहीं हुए, तो उनकी पार्टी सड़क से संसद तक व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि देश का किसान कमजोर नहीं है और सरकार को उसकी ताकत को कम करके नहीं आंकना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित