उदयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान में उदयपुर में महाराणा मेवाड़ चौरिटेबल फाउण्डेशन के वर्ष 2026 का अंतरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान अमरीका के डॉ. मॉली एम्मा एटकिन को प्रदान किया जाएगा।

फाउण्डेशन के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अलंकरणों की घोषणा करते हुए वार्षिक अलंकरण समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि डॉ. एटकिन सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क में कला इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर हैं और भारतीय लघुचित्र परंपरा, विशेषतः मेवाड़ एवं राजपूत दरबारी चित्रकला की अग्रणी विदुषी मानी जाती हैं।उन्होंने बताया कि भारत के प्रति सार्वभौम सम्पादित स्थायी मूल्यों की सेवाओं के उपलक्ष्य में अन्तरराष्ट्रीय स्तर के कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण के तहत दो लाख एक रुपये की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

डाॅ गुप्ता ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से दिया जाने वाला राष्ट्रीय स्तर का हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह को प्रदान किया जाएगा। श्री कमलेश किशोर भारतीय मीडिया जगत में तीन दशकों से सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत उन्होंने अल्प आयु में रेजिडेंट एडिटर के रुप में की। बाद में वह इण्डिया टूडे ग्रुप से जुड़े, जहाँ उन्होंने प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी भूमिकाएँ निभाईं।

राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए श्री मरिमुथु योगनाथन को महाराणा उदय सिंह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें देशभर में 'ट्री मैन ऑफ इंडिया' के नाम से जाना जाता है। कोयंबटूर में तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (टीएनएसटीसी) के बस परिचालक के पद पर कार्यरत रहते पर्यावरण आंदोलन और विकास के लिए उनकी यात्रा प्रेरणादायी है। करीब चार दशकों से अधिक समय से वह निरंतर वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता और जलवायु संरक्षण के कार्य में समर्पित हैं और दूसरों को प्रेरित भी कर रहे हैं। इन्होंने पाँच लाख से अधिक पौधे रोपे हैं, जिनमें से करीब साढ़े तीन लाख वृक्ष बनकर अब भी मौजूद हैं।

फाउंडेशन द्वारा निर्धारित दायित्व सीमा से ऊपर उठकर किए गए कार्य के लिए दिया जाने वाला इस वर्ष का पन्नाधाय सम्मान, वर्ष 2017 में 35 हजार फुट की ऊँचाई पर एक आपातकालीन प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले जेट एयरवेज़ की फ्लाइट 9डब्ल्यू 569 के समर्पित क्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से प्रदान किया जाएगा। जेट एयरवेज़ की इस उड़ान के दौरान सीमित संसाधनों, चिकित्सकीय सुविधाओं के अभाव और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में क्रू ने अद्भुत संयम, साहस और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि इन अलंकरणों के माध्यम से न केवल विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान किया जा रहा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक स्थायी मानदंड भी स्थापित किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर दिये जाने वाले इन अलंकरणों के तहत प्रत्येक विभूति को एक लाख एक रुपये की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में फाउण्डेशन का 42वाँ अलंकरण समारोह 15 मार्च को सिटी पैलेस उदयपुर के माणक चौक प्रांगण में आयोजित होगा। फाउण्डेशन अपने उद्देश्यों के अनुरूप पिछले 41 वार्षिक समारोहों में देश-विदेश की 4,972 विभूतियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित