भोआ (पठानकोट) , फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने गुरुवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीदेश के लिए गंभीर रूप से खतरनाक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जितनी जल्दी पद छोड़ेंगे, देश के लिए उतना ही बेहतर होगा।

यहां 'मनरेगा बचाओ संघर्ष' के तहत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, श्री बघेल ने कहा कि श्री मोदी अमेरिका और चीन के दबाव में आसानी से आ जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों ने श्री मोदी की कुछ कमजोरियां खोज ली हैं, जिनका वे अब फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन पर अपनी शर्तें लागू कर रहे हैं। हाल ही में हुए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल भी बराबरी के आधार पर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जहां अमेरिका भारतीय सामान पर 18 प्रतिशत शुल्क लगायेगा, वहीं भारत ने अमेरिकी आयात पर 'जीरो टैरिफ' मंजूर कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह कभी नहीं हुआ है कि किसी देश ने अमेरिका को 'जीरो टैरिफ' की सुविधा दी हो। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान जैसा देश भी अमेरिका पर 11 प्रतिशत शुल्क लगाता है, जबकि मोदी ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है। मनरेगा में किये गये बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे श्री मोदी को तीन कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर किया गया था, उसी तरह मनरेगा को भी उसके मूल स्वरूप में बहाल करना पड़ेगा।

इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह 'राजा वड़िंग' ने कहा कि श्री मोदी शुरू से ही मनरेगा के विरोधी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने धीरे-धीरे इस कानून को कमजोर किया है, जो ग्रामीण गरीबों को साल में 100 दिन रोजगार की गारंटी देता है। उन्होंने सरकार के 125 दिन रोजगार के दावे पर टिप्पणी करते हुए कि जब 100 दिन का रोजगार ही नहीं दिया जा सका, तो 125 दिन कैसे दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के दौरान औसतन साल में सिर्फ 48 दिन का रोजगार ही दिया गया। उन्होंने कहा कि लुधियाना में 1.21 लाख परिवारों ने काम के लिए पंजीकरण कराया, लेकिन केवल 12 परिवारों को ही 100 दिन का काम मिला।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की भी आलोचना करते हुए, कहा कि इसने भी मनरेगा मजदूरों को निराश किया है, क्योंकि नये कानून से पहले ही काम उपलब्ध करवाना कम कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मनरेगा बहाल होने तक कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी। श्री मोदी की डेरा बल्लां की हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है।

पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि मनरेगा कोई दान योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की जीवन रेखा और गरीबों का कानूनी अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस द्वारा गरीबों और आम लोगों को दिये गये हर अधिकार को खत्म कर दिया है। उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए, कहा कि उसने शासन को केवल प्रचार का माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि कागजों पर बड़े वादे किये जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लागू करने में कमजोरी और जवाबदेही शून्य है। उन्होंने कहा कि जहां ग्रामीण मजदूर रोजगार और समय पर भुगतान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं सरकार विज्ञापनों और दिखावे में व्यस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित