, Feb. 16 -- वॉशिंगटन, 16 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से वादा किया है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत असफल होती है, तो वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर इज़रायली हमलों का समर्थन करेंगे। अमेरिकी समाचार पोर्टल सीबीएस न्यूज ने यह दावा किया है।
सीबीएस न्यूज़ की ओर से रविवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्री ट्रंप ने यह बात दिसंबर में फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में श्री नेतन्याहू से मुलाकात के दौरान कही, जिसमें इस मामले से जुड़े दो स्रोतों का ज़िक्र है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सैन्य और खुफिया अधिकारियों ने इस बात पर भी चर्चा की है कि अमेरिका ईरान की मिसाइल अवसंरचना के खिलाफ संभावित अभियान में इज़रायल की मदद कैसे कर सकता है। इसमें इज़रायली लड़ाकू विमानों के लिए हवा में ईंधन भरने देना और संबंधित क्षेत्रीय देशों से उनके एयरस्पेस में दाखिल होने की इजाज़त मांगना शामिल है।
जॉर्डन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि वे ईरान के खिलाफ किसी भी हमले के लिए अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं देंगे, न ही ईरान को दूसरे देशों पर हमले करने देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित